क्षेत्रीय
18-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और ईंधन की अनुपलब्धता को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बिलासपुर शहर इकाई के विभिन्न ब्लॉकों द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल, घरेलू एवं कमर्शियल गैस के साथ खाद्य सामग्री और सराफा बाजार में अभूतपूर्व महंगाई बढ़ी है। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश एवं शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी करने की मांग उठाई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम जनता का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना कठिन होता जा रहा है और महंगाई से आमजन बुरी तरह प्रभावित हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द राहतकारी कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं था और जहां उपलब्ध था वहां लंबी कतारें देखने को मिलीं। कांग्रेसजनों ने राहगीरों एवं आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी राय भी जानी। लोगों ने भी लगातार बढ़ती कीमतों पर नाराजगी व्यक्त की। धरना-प्रदर्शन में सिद्धांशु मिश्रा, रामशरण यादव, प्रमोद नायक, अभय नारायण राय, राकेश शर्मा, रविन्द्र सिंह, भरत कश्यप, तजम्मुल हक, संतोष गर्ग, सीमा घृतेष, रामा बघेल, समीर अहमद, गजेंद्र श्रीवास्तव, नसीम खान, गौरव ऐरी, दीपांशु श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, राजा व्यास, साई भास्कर, अब्दुल खान, ओम कश्यप, राजकुमार तिवारी, धर्मेश शर्मा, बद्री यादव, बापी डे, मोहम्मद अयूब, मोटी थारवानी, राजकुमार बंजारे, अर्जुन सिंह, सैय्यद इमरान, प्रकाश निर्मालकर, मीनू सूर्यवंशी, हैरी डेनियल, जागेश्वर रजक, मनोज सिंह, विशाल कश्यप, तनिश श्रीवास, अमन गुप्ता, मोहन मडवानी, रतीश श्रीवास्तव एवं चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। - 18 मई 2026