- 15 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन बिलासपुर (ईएमएस)। अशोकनगर-बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार कार्य की मांग की है। ज्ञापन में जर्जर सडक़, उड़ती धूल, बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव, दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका तथा निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए हैं। अंकित गौरहा ने बताया कि अशोकनगर-बिरकोना मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। गर्मी के दिनों में सडक़ पर अत्यधिक धूल उड़ती है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो रही है। वहीं बारिश के समय सडक़ पर कीचड़ और पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन में क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की शिकायत की है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सडक़ खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया है। हाल के दिनों में यहां कई सडक़ हादसे हुए हैं, जिनमें कुछ घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी दर्ज हुई हैं। घटनास्थल पर स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने गड्ढों के आसपास बांस और रेडियम लगाकर अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की, जिससे कुछ हद तक हादसों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अब भी स्थिति को लेकर गंभीर नहीं है और लोग लगातार परेशान हो रहे हैं। अंकित गौरहा ने प्रशासन से सडक़ मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। - 18 मई 2026