क्षेत्रीय
18-May-2026
...


महासमुंद (ईएमएस)। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-53 पर नियमित चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। कार में सवार तीनों व्यक्तियों से सोने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने सोने के आभूषण जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को सोने की तस्करी की आशंका है, जिसे गुप्त तरीके से परिवहन किया जा रहा था। सिंघोड़ा पुलिस ने आगे की जांच के लिए पूरा मामला आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दिया है। अब जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, इसके परिवहन और संभावित कारोबारी नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। - (ईएमएस)18 मई 2026