- आपसी समन्वय एवं नियमित मॉनिटरिंग से करें लंबित मामलों का निराकरण: कलेक्टर सोमेश मिश्रा - अभियान मोड में निराकृत किए जाएं सीमांकन एवं नामांतरण के प्रकरण - पीएम श्रम योगी मानधन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिले योजना का लाभ - समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने विभागीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश नर्मदापुरम (ईएमएस)। आवारा गौवंश को अभियान चलाकर गौशालाओं में स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए उनका निराकरण करें। सीमांकन एवं नामांतरण के मामलों के निराकरण के लिए राजस्व विभाग अभियान मोड में कार्य करें। पीएम श्रमयोगी मानधन योजना के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ मिले। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में अधिकारी जवाब देही के साथ करें कार्य। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत हस्तलिखित विरासत के सर्वेक्षण संरक्षण एवं डिजिटलीकरण के लिए समस्त अनु विभागों में सभी संबंधित विभाग तत्परता से कार्य करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पुरी जवाब देही के साथ सभी विषयों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के सभी मामलों में निर्धारित समयावधि का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि लंबित मामलों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में विभागों द्वारा कंप्लायंस दर्ज की जा चुकी है, उन प्रकरणों को नियमानुसार विलोपित किया जाना भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रहें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक के दौरान सभी अनुविभागों में अभियान चलाकर व्यवस्थित रूप से आवारा गौवंश को गौशालाओं में स्थानांतरित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को गंभीरता एवं समन्वय के साथ अभियान मोड में संचालित किया जाए, ताकि सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विचरण कर रहे गौवंश से होने वाली समस्याओं का समाधान हो सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि गौशालाओं में रखे गए गौवंश की पशुपालन विभाग के डॉक्टरों द्वारा नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए। बैठक में कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि पशुपालकों द्वारा अपने गोवंश को खुला छोड़ा जा रहा है तो उन्हें समझाइश दी जाए तथा समझाइश के बाद भी यदि संबंधित पशुपालकों के व्यवहार में सुधार नहीं होता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति मामलों की अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया कि पेंशन, सहित अन्य भत्तों के लंबित प्रकरणों को सूचीबद्ध करें तथा सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का निराकरण करें। कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमांकन एवं नामांतरण के लिए अभियान मोड में कार्य करें। सभी अधिकारी समय सीमा का निर्धारण करते हुए उक्त समस्त मामलों का निराकरण करें। उन्होंने कहा की पीएम श्रमयोगी मानधन योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को योजना का अधिक से अधिक लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए हितग्राही के अधिक से अधिक पंजीयन किए जाएं। नगरीय क्षेत्र सहित पंचायत स्तर पर पंजीयन संख्या में प्रगति बढ़ाई जाए। उन्होंने श्रम अधिकारी को साप्ताहिक रूप से प्रगति रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पंचायत सीईओ एवं पीओ डूडा को आवश्यक समन्वय एवं नियमित मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जिले की रैंकिंग पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दो दिवस में प्रगति बढ़ाई जाए अन्यथा प्रगति परिलक्षित ना होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने ग्रेडिंग माह मई के दौरान प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए खाद्य, वित्त, नागरिक आपूर्ति निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों को स्थिति में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए! कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए जिले में वर्तमान माह में हुए खाद्यान्न वितरण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिले में वितरण व्यवस्था में बॉटम विकासखंड के संबधित जेएसओ पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण की नियमित समीक्षा करें। कलेक्टर ने वृद्धावस्था पेंशन हितधारकों के ईकेवाईसी किए जाने में आ रही फिंगरप्रिंट एवं आंखों की पुतलियां से स्कैनिंग की समस्या के निराकरण के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ई केवाईसी जैसी तकनीकी समस्या के चलते कोई भी हितधारक वृद्धावस्था पेंशन के लाभ से वंचित न रहे संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने जिले में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम् मिशन अंतर्गत भारत की हस्तलिखित विरासत का सर्वेक्षण संरक्षण दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण किए जाने की दिशा में सभी संबंधित विभाग तत्परता के साथ कार्यवाही करते हुए जिले में उपलब्ध उक्त हस्तलिखित पांडुलिपि के संरक्षण हेतु आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित पोर्टल पर अपडेट करें। बैठक के दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, श्रीमती नीता कोरी सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 18 मई 2026