क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- सात सत्रों में कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण जबलपुर, (ईएमएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को होटल वेटिवर ग्रैंड, न्यू पनागर बायपास में हुआ। कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक अभिलाष पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन सात अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विषय वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन से हुई। जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण और संगठन की विचारधारा को आत्मसात करने का अवसर मिलता है। भाजपा के इतिहास और विकास पर चर्चा ...... पहले सत्र में सांसद आशीष दुबे ने भाजपा के इतिहास एवं विकास विषय पर संबोधित किया। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन और केंद्र में सरकार बनने तक की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। व्यवहारिक जीवन और संगठन पर जोर.. दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक ने व्यवहारिक सत्र में कार्यकर्ताओं को सामाजिक समन्वय और व्यावहारिक जीवन के महत्व के बारे में बताया। तीसरे सत्र में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू ने मीडिया प्रबंधन पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि मीडिया संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। वहीं सोशल मीडिया संभागीय प्रभारी अमन शर्मा ने सोशल मीडिया के प्रभाव और उसके सावधानीपूर्वक उपयोग की जानकारी दी। एकात्म मानववाद और कार्यकर्ता विकास पर व्याख्यान.. चौथे सत्र में पूर्व सांसद आलोक संजर ने एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंचनिष्ठाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा में राष्ट्र सर्वोपरि है और पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है। पांचवें सत्र में विधायक अभिलाष पांडे ने कार्यकर्ता विकास विषय पर कहा कि संगठन का मूल आधार कार्यकर्ता ही हैं और प्रशिक्षण वर्ग उनके विकास के लिए आयोजित किए जाते हैं। मोदी सरकार की योजनाओं की दी जानकारी... छठवें सत्र में विधायक अशोक रोहाणी ने केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा करते हुए आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान कल्याण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। सातवें सत्र में बालाघाट के पूर्व सांसद रमेश भटेरे ने कार्य विस्तार विषय पर संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन और विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकी, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व महापौर प्रभात साहू, डॉ. वाणी हलुवालिया और वरिष्ठ नेत्री श्रीमती सुषमा जैन ने की। सत्रों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन चार और सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित कई वक्ता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सुनील साहू / शहबाज / 18 मई 2026 / 09.00