- कृषक कल्याण वर्ष के तहत जिले के चारों विकासखंडों की 12 ग्राम पंचायतों में पहुंचे वैज्ञानिक, किसानों से किया सीधा संवाद इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष (कृषक कल्याण वर्ष) के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय, भोपाल के निर्देशानुसार जिले में कृषि रथ का शुभारंभ किया गया है। इस रथ का मुख्य उद्देश्य कृषि और संबंधित विभागों के माध्यम से किसानों तक नवीन वैज्ञानिक तकनीकों और खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाना है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने बताया कि किसानों को आगामी खरीफ फसलों की बुआई संबंधी आवश्यक जानकारियां देने के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों में कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। इस तकनीकी रथ के माध्यम से कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य संबंधित विभागों के विषय विशेषज्ञ व कृषि वैज्ञानिक सीधे गांवों में पहुंचकर किसानों से संवाद कर रहे हैं। कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से इस अभियान में ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण, खरीफ सीजन की नवीन तकनीक, फसलों की उन्नत किस्में, आधुनिक कृषि यंत्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फल-सब्जी उत्पादन, फ्लोरीकल्चर, मत्स्य पालन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के गुर सिखाए जा रहे हैं। इससे आने वाले वर्षों में फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) के जरिए किसानों की आय में वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत सोमवार को इंदौर जिले के चारों विकासखंडों की 12 ग्राम पंचायतों में कृषि रथ ने भ्रमण किया। इसमें मुख्य रूप से पिपल्दा, खंडेला, शिवनी, हासलपुर, राजपुराकुटी, कुवाली, कुडाना, जामोदी, सिमरोड, धर्माट, पाडल्या और छड़ौदा शामिल हैं। इस दौरान मौजूद कृषि वैज्ञानिकों ने बड़ी संख्या में जुटे किसानों को ई-विकास प्रणाली के जरिए खाद वितरण और आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। प्रकाश/18 मई 2026