क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- गुजरात के नागरिकों से की डिजिटल जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील गांधीनगर (ईएमएस)| राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर स्थित लोकभवन से ऑनलाइन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर राज्य के जनगणना संचालन निदेशक सुजल मयात्रा ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें इस बार पूरी तरह डिजिटल एवं सुरक्षित जनगणना प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी से अवगत कराया। राज्यपाल ने इस राष्ट्रीय महाअभियान की सराहना करते हुए गुजरात के सभी नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल क्रांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश के इतिहास में पहली बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से वेब पोर्टल और मोबाइल आधारित प्रणाली के जरिए कराई जा रही है, जो नागरिकों के लिए बेहद सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए सटीक एवं समयबद्ध जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ही इस महाअभियान को सफल बनाएगी। उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 में पहली बार ‘स्व-गणना’ प्रणाली शुरू की गई है, जिसके तहत नागरिक देश के किसी भी स्थान से अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। गुजरात में यह सुविधा 31 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर उपलब्ध रहेगी, जहां नागरिक दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आगामी 1 जून से 30 जून 2026 तक पूरे राज्य में 1 लाख से अधिक जनगणना कर्मियों द्वारा हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा। अंत में राज्यपाल ने जनगणना विभाग की पूरी टीम को इस राष्ट्रीय कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सतीश/18 मई