क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- प्रतिदिन अपराह्न 3.30 से शाम 7 बजे तक होगी कथामृत की वर्षा, कई दिव्य उत्सव भी मनाए जाएँगे इंदौर (ईएमएस)। पुरुषोत्तम मास के पावन प्रसंग पर श्रीधाम वृन्दावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज के श्रीमुख से श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का दिव्य आयोजन होने जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान रविवार 24 मई से शनिवार 30 मई तक गीता भवन के सत्संग सभागृह में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ रविवार को दोपहर 2 बजे भव्य शोभा यात्रा के साथ होगा। आयोजन समिति के प्रमुख संयोजक संजय-किरण मंगल एवं विनोद-सुनीता अग्रवाल ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, विष्णु बिंदल, राजेश चेलावत एवं श्याम अग्रवाल मोमबत्ती की प्रेरणा से मातुश्री कमलादेवी-बाबूलाल मंगल की पुण्य स्मृति में यह दिव्य आयोजन किया जा रहा है। सनातन धर्म में मान्यता है कि पुरुषोत्तम मास में भागवत कथा का श्रवण करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि आती है। कथा महोत्सव में प्रतिदिन अपराह्न 3.30 से शाम 7 बजे तक स्वामी भास्करानंद व्यास पीठ से कथामृत की वर्षा करेंगे। :: सात दिनों तक चलेंगे यह प्रसंग और उत्सव :: कथा के प्रथम दिन शोभा यात्रा के पश्चात भागवत महात्यम का वर्णन होगा। दूसरे दिन 25 मई को शुकदेव आगमन प्रसंग, 26 मई को शिव-पार्वती विवाह, 27 मई को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 28 मई को गोवर्धन पूजा एवं 56 भोग, 29 मई को रुक्मणी विवाह तथा अंतिम दिन शनिवार 30 मई को सुदामा चरित्र के प्रसंग के साथ फूलों की होली खेली जाएगी। आयोजन से जुड़े गोविन्द मंगल एवं गोपाल मंगल ने बताया कि कथा प्रसंगानुसार प्रतिदिन अनेक विशेष उत्सव मनाए जाएँगे। भीषण गर्मी को देखते हुए कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए कूलर-पंखे, शीतल पेयजल, छायादार बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन शहर के अनेक विशिष्ट अतिथि भी सम्मिलित होंगे। प्रकाश/18 मई 2026