- जनसुनवाई कार्यक्रम से बड़ी संख्या में आमजन लाभान्वित हो रहे हैं- श्रवण कुमार - आम जनता के दिलों में बसे हैं नीतीश, उनके विषय में अनर्गल टिप्पणी स्वीकार नहीं- लेसी सिंह पटना, (ईएमएस)। सोमवार को जनता दल (यू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री लेसी सिंह एवं मंत्री सुनील कुमार द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु आवश्यक पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर अनिल कुमार, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, लोकप्रकाश सिंह एवं ई. रामचरित्र प्रसाद उपस्थित रहे। इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रभावी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि समय के साथ इस पहल की जनस्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है तथा बड़ी संख्या में लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। लेसी सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं तथा उनके दूरदर्शी एवं सक्षम नेतृत्व में सरकार एवं संगठन प्रभावी रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके प्रति पूर्णतः निष्ठावान एवं समर्पित है तथा उनके मार्गदर्शन में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे आदर्श नेता नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में पार्टी निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार स्तर हो अथवा संगठन स्तर, जो भी निर्णय लिया जाता है उसे शीर्ष नेतृत्व से लेकर सामान्य कार्यकर्ता तक सर्वमान्य मानकर पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अंगीकार करते हैं। यही हमारी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत और संगठनात्मक संस्कृति है। लेसी सिंह ने स्पष्ट कहा कि ‘‘थैली लेकर मंत्री बनाए जाने’’ जैसी बातें पूरी तरह निराधार और राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास हैं। हमारी पार्टी में दायित्व एवं पद व्यक्ति की क्षमता, कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता के आधार पर तय होते हैं। नीतीश कुमार प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता की क्षमता को भलीभांति समझते हैं तथा किसे कौन-सा दायित्व देना है, इसका निर्णय वे स्वयं गंभीरता और सूझबूझ के साथ करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार बिहार की 14 करोड़ जनता के हृदय में बसे हुए हैं, और उनके संबंध में की जाने वाली कोई भी अनर्गल एवं आधारहीन टिप्पणी राज्य की जनता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं करेगी। संतोष झा- १८ मई/२०२६/ईएमएस