- ग्रीन वेस्ट कम्पोस्टिंग प्लांट को पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश - स्वच्छ सर्वेक्षण प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं रखने के निर्देश, सी एंड डी वेस्ट प्लांट की भी बढ़ेगी कार्य क्षमता :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में देश का सिरमौर इंदौर अपनी साख को बरकरार रखने के लिए लगातार प्रयासों में जुटा है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर की सफाई व्यवस्था का जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कचरा ट्रांसफर स्टेशनों, कम्पोस्ट प्लांट और सी एंड डी वेस्ट प्लांट का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित निगम के अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। निगम आयुक्त ने आजाद नगर, आईटी पार्क, लालबाग-धार रोड और संगम नगर स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशनों (जीटीएस) का सघन निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने धार रोड स्थित सी एंड डी वेस्ट प्लांट, रीजनल पार्क के डीएमआरएफ सेंटर, ग्रीन वेस्ट कम्पोस्टिंग प्लांट, थर्माकोल प्लांट तथा आईटी पार्क स्थित सीएनजी सेंटर का भी बारिकी से अवलोकन किया। :: वाहनों की धुलाई और कचरा सेग्रीगेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश :: निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को कचरे के शत-प्रतिशत सेग्रीगेशन (गीला-सूखा अलग करना) सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जीटीएस परिसरों की नियमित साफ-सफाई करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों की समय पर धुलाई करने और स्वच्छ सर्वेक्षण प्रोटोकॉल के अनुरूप ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। :: रीजनल पार्क और धार रोड प्लांट की बढ़ेगी क्षमता :: आयुक्त ने रीजनल पार्क स्थित ग्रीन वेस्ट कम्पोस्टिंग प्लांट को उसकी पूर्ण क्षमता (फुल कैपेसिटी) के साथ संचालित करने के निर्देश दिए ताकि कचरे का निपटारा और तेजी से हो सके। साथ ही उन्होंने रीजनल पार्क परिसर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। धार रोड स्थित सी एंड डी वेस्ट प्लांट की कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए भी कहा गया है, जिससे शहर से निकलने वाले निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (मलबे) का अधिक से अधिक मात्रा में पुन: उपयोग (रिसायकल) किया जा सके। प्रकाश/18 मई 2026