राष्ट्रीय
18-May-2026


मुजफ्फरनगर (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी राजकुमार को दिल्ली क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने छपार टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। राजधानी की अपराध शाखा और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी राजकुमार को उस वक्त दबोचा, जब वह उत्तराखंड से राजधानी की ओर भागने की कोशिश कर रहा था। सूचना तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी की और टोल प्लाजा के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए ले जाया गया, जहां अब हत्या के पीछे की असली वजह, साजिश और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदल रहा था। जांच एजेंसियां उसकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए तकनीकी निगरानी, मोबाइल डाटा और स्थानीय नेटवर्क की मदद ले रही थीं। आखिरकार संयुक्त ऑपरेशन के जरिए उसे पकड़ लिया गया। यह सनसनीखेज हत्याकांड चुनावी नतीजों के ठीक बाद सामने आया था, जब मुख्यमंत्री के बेहद करीबी माने जाने वाले निजी सहायक को देर रात गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। इस हत्या ने राजनीतिक गलियारों से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक हलचल मचा दी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और इससे जुड़े अन्य चेहरों का जल्द खुलासा हो सकता है। सुबोध/१८-०५-२०२६