क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- नल-जल योजना के तहत सुरवाही में तैयार की गई है पानी की टंकी बालाघाट (ईएमएस). लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के एसडीओ एचके बागेश्वर ने मंगलवार को विकासखंड बिरसा के ग्राम सुरवाही पहुंचकर नल-जल योजना अंतर्गत निर्मित पानी टंकी एवं संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। एसडीओ बागेश्वर ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि योजना के सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पानी टंकी की संरचना, पाइपलाइन कनेक्शन, मोटर पंप व्यवस्था तथा जल वितरण प्रणाली का परीक्षण किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पेयजल संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। एसडीओ बागेश्वर ने बताया कि नल-जल योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को दूर करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। योजना पूर्ण होने के बाद ग्राम सुरवाही के लोगों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। निरीक्षण के समय विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा ग्राम के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 18 मई 2026