मुंबई (ईएमएस)। आजकल कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारतीय अभिनेत्रियों का ग्लैमरस अंदाज चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने कान्स फिल्म फेस्टिवल से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए सोशल मीडिया पर कुछ पुरानी तस्वीरें साझा कीं। अभिेनेत्री मल्लिका शेरावत ने इंस्टाग्राम पर कान्स फिल्म फेस्टिवल की करीब दो दशक पुरानी तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों में वह विश्व प्रसिद्ध मार्शल आर्टिस्ट और अभिनेता जैकी चेन के साथ नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि वह लगभग 20 साल पहले कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुई थीं। उस दौरान उन्होंने स्टाइलिश क्रॉप टॉप और स्कर्ट पहनी थी, जिसे लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी। अभिनेत्री ने लिखा कि उस दौर में उनके पहनावे को लेकर बड़ा हंगामा मच गया था। उन्होंने बताया कि उनके ड्रेसिंग स्टाइल की चर्चा अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक में हुई और उन्हें मशहूर मैगजीन ‘टाइम’ में भी जगह मिली थी। इतना ही नहीं, उनकी तुलना फ्रेंच सुपरस्टार ब्रीगिटे बारडॉट से की गई थी। मल्लिका ने कहा कि छोटे शहर से आने वाली लड़की के लिए यह सब किसी सपने जैसा था। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उस समय लोगों को उनका पहनावा बहुत बोल्ड लगा था, जबकि आज के दौर में उसी तरह के कपड़ों को सामान्य माना जाता है। अभिनेत्री के मुताबिक समय के साथ फैशन और लोगों की सोच दोनों में काफी बदलाव आया है। बता दें कि मल्लिका शेरावत पहली बार साल 2005 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहुंची थीं। वह अपनी फिल्म द मिथ के प्रमोशन के सिलसिले में इस प्रतिष्ठित समारोह का हिस्सा बनी थीं। इसके बाद उन्होंने कई बार कान्स के रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और अपने स्टाइल से लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म ‘द मिथ’ साल 2005 में रिलीज हुई एक मशहूर हांगकांग-चीनी मार्शल आर्ट और फैंटेसी फिल्म थी। इसका निर्देशन स्टेनले टॉंग ने किया था। फिल्म में जैकी चैन मुख्य भूमिका में नजर आए थे, जबकि मल्लिका शेरावत ने इसमें कैमियो रोल निभाया था। सुदामा/ईएमएस 19 मई 2026