ट्रेंडिंग
19-May-2026
...


-राहुल गांधी ने किया वीडियो शेयर, कांग्रेस ने मोदी को महंगाई मैन बताया नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर टिप्पणी की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा- जब दुनिया एक कॉम्प्रोमाइज पीएम को कुछ सवालों से घबराकर भागते हुए देखती है, तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है। जब छुपाने के लिए कुछ नहीं है, तो डरने की भी कोई बात नहीं है। दरअसल राहुल गांधी ने नॉर्वे की महिला जर्नलिस्ट हेल्ले ल्यंग की एक्स पोस्ट शेयर की है। इसमें ल्यंग नॉर्वे पहुंचे पीएम मोदी से सवाल करती हैं कि आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस से कुछ सवाल क्यों नहीं लेते? लेकिन मोदी उनका जवाब दिए बिना वहां से चले जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार ने मंगलवार को पेट्रोल-डीजल के दामों में एवरेज 90 पैसे की बढ़ोतरी की है। इस पर कांग्रेस ने पीएम मोदी को महंगाई मैन कहा है। कांग्रेस ने एक्स पोस्ट में लिखा- जनता पर महंगाई मैन मोदी का हंटर फिर चला, पेट्रोल-डीजल 90 पैसे महंगा कर दिया। मोदी ने पिछले चार दिन में चार रुपए बढ़ा दिए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा- आम जनता की लूट और खास लोगों को छूट, आज का मॉडल यही बनता जा रहा है। खड़गे ने लिखा- जब दुनिया में संकट है, तब सवाल यह है कि सरकार खुद क्या कर रही है? अगर तेल खरीदने की अनुमति मिल गई है, तो फिर जनता पर लगातार दामों का बोझ क्यों डाला जा रहा है। हर बार फैसलों का असर 140 करोड़ लोगों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिर्फ विदेशों में छवि बनाने से काम नहीं चलेगा। देश के अंदर भी जनता के सवालों का जवाब देना होगा। असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के बजाय जरूरी है कि सरकार बताए कि संकट से निपटने के लिए ठोस कदम क्या उठाए जा रहे हैं। तभी असली नेतृत्व दिखेगा, वरना यह सिर्फ प्रचार तक सीमित रह जाएगा। सिराज/ईएमएस 19मई26