मुम्बई (ईएमएस)। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने इस आईपीएल सत्र में 400 से अधिक रन बनाकर अपने को एक बार फिर साबित किया है। आईपीएल के पहले भी अंडर-19 विश्व कप में वैभव ने धमाकेदार बल्लेबाजी की थी। ऐसे में वैभव को भारतीय टीम की शामिल करने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। ये भी कहा जा रहा है कि वह अब पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हैं। बड़े-बड़े छक्के लगाने में माहिर वैभव गेंदबाज का दबदबा नहीं देखते, बल्कि सिर्फ गेंद को देखकर अपने शॉट्स खेलते हैं। वहीं इसके बाद भी पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि वैभव अभी भारतीय टीम में जगह नहीं बना सकते। कैफ ने इसके पीछे का कारण भी बताया है। कैफ का मानना है कि भारतीय टीम के लिए लिए खेलने से पहले वैभव को अपनी फील्डिंग ठीक करनी होगी। कैफ का मानना है कि वैभव की फील्डिंगे कमजोर है हालांकि इसपर अधिक लोगों का ध्यान नहीं गया है। कैफ के अनुसार आईपीएल के इस सत्र के मैचों को देखा जाये तो वैभव फील्डिंग में सतर्क नहीं दिखे। इस युवा खिलाड़ी ने इस सत्र में एक भी कैच नहीं लिया है जबकि भारत के लिए खेलते हुए उसे मैदान पर अधिक तेज होना होगा। वैभव ने आईपीएल में अब तक 19 मैच खेले हैं और इनमें से एक दो मैचों को छोड़कर हर मैच में उन्होंने फील्डिंग की है पर एक भी कैच उनके हाथ नहीं आया है। यह सोचने वाली बात है। कई बार उनसे कैच गिरे हैं और कई अवसरों पर उनकी फील्डिंग उस अपेक्षित स्तर की नहीं दिखी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जरूरत होती है। वहीं आज के आधुनिक क्रिकेट में फील्डिंग का महत्व कितना है सभी जानते हैं। केवल एक शानदार कैच या एक सटीक रन आउट मैच का रुख पूरी तरह बदल सकता है, जिसके अनेक उदाहरण हमने देखे हैं। हालांकि, बल्ले से वैभव सूर्यवंशी बिल्कुल एक अलग खिलाड़ी नजर आते हैं। आईपीएल 2026 में वे अब तक 12 मैच खेल चुके हैं और इनमें 486 रन बना चुके हैं। इस सीजन में उनका औसत 40.50 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 234.78 का है, जो असाधारण है इसके बल पर वह भारतीय टीम में जगह के प्रबल दावेदार बनकर उभरे हैं। गिरजा/ईएमएस 19 मई 2026