19-May-2026
...


-बैंकॉक में रह रही भारतीय महिला ने बताई सुकून और शांति के मायने नई दिल्ली (ईएमएस)। बैंकॉक में रह रही एक भारतीय महिला का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला ने आधुनिक शहरों की तेज रफ्तार जिंदगी और हर चीज तुरंत पाने की आदत पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वह ऐसी जिंदगी से ज्यादा सुकून और शांति को अहमियत देती हैं। लोगों को उनका नजरिया इतना पसंद आया कि वीडियो पर हजारों प्रतिक्रियाएं आईं। इस महिला का नाम श्रेया महेंद्रू है, जो रिमोट वर्क करती हैं और फिलहाल बैंकॉक में रहती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि आखिर क्यों उन्होंने बैंकॉक जैसे शहर को अपने रहने के लिए चुना। वीडियो में उन्होंने साफ-सफाई, शांत माहौल, कम शोर और बेहतर लाइफस्टाइल जैसी चीजों को जिंदगी की बुनियादी जरूरत बताया। श्रेया ने कहा कि उन्हें सुबह उठकर ट्रैफिक के हॉर्न सुनने से ज्यादा चिड़ियों की चहचहाहट पसंद है। वीडियो में टेक्स्ट ओवरले के जरिए उन्होंने लिखा कि उन्हें ‘नीला आसमान’ चाहिए। उनका मानना है कि आजकल शहरों में हर चीज को तेज और सुविधाजनक बनाने की दौड़ में लोग जिंदगी की बुनियादी खुशियों को भूलते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर जिंदगी सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं बन सकती, बल्कि इसमें नागरिकों की जिम्मेदारी भी जरूरी है। श्रेया ने वीडियो में कहा कि रिमोट वर्क ने उन्हें अलग-अलग देशों में रहने और वहां की लाइफस्टाइल को करीब से देखने का मौका दिया। इसी दौरान उन्हें बैंकॉक ऐसा शहर लगा, जहां जिंदगी ज्यादा शांत और संतुलित है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का कारण बन गया। कई लोगों ने कमेंट कर कहा कि भारत के बड़े शहरों में शोर, ट्रैफिक और प्रदूषण इतना सामान्य हो चुका है कि लोग अब शांत माहौल की कल्पना भी नहीं करते। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि भारत के गांवों और छोटे शहरों में जीवन आज भी शांत और सुकूनभरा है। सिराज/ईएमएस 19 मई 2026