राष्ट्रीय
19-May-2026
...


-यह कैंपस दुनिया भर के बिजनेस स्कूलों में रखता है अपनी अलग पहचान नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में कुछ ऐसे प्रतिष्ठित सरकारी संस्थान हैं जिनकी फीस बड़े निजी कॉलेजों को भी चुनौती देती है। देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में शामिल भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद इसी सूची में सबसे ऊपर है। मैनेजमेंट शिक्षा की दुनिया में इसे एक सपनों का संस्थान कहा जाता है, जहां पढ़ाई पूरी करने के बाद मिलने वाले करोड़ों के पैकेज इसकी भारी फीस को भी छोटा साबित कर देते हैं। बता दें भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद की स्थापना 11 दिसंबर 1961 को भारत सरकार, गुजरात सरकार और उद्योग जगत के सहयोग से की गई थी। इस संस्थान को स्थापित करने में प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ. विक्रम साराभाई और उद्योगपति कस्तूरभाई लालभाई की अहम भूमिका रही थी। संस्थान की पहचान इसकी ऐतिहासिक लाल ईंटों वाली इमारत है, जिसे अमेरिकी वास्तुकार लुई कान ने डिजाइन किया था। यही कारण है कि यह कैंपस दुनिया भर के बिजनेस स्कूलों में अलग पहचान रखता है। यह संस्थान मुख्य रूप से प्रबंधन और रिसर्च से जुड़े पोस्ट ग्रेजुएट और डॉक्टरेट कार्यक्रम संचालित करता है। यहां दो साल का एमबीए प्रोग्राम सबसे लोकप्रिय कोर्स माना जाता है। इसके अलावा फूड एंड एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट, अनुभवी प्रोफेशनल्स के लिए एक साल एग्जीक्यूटिव एमबीए, बिजनेस एनालिटिक्स का हाइब्रिड प्रोग्राम और मैनेजमेंट में पीएचडी जैसी पढ़ाई भी कराई जाती है। अगर फीस की बात करें तो यहां का दो साल का फ्लैगशिप एमबीए कोर्स करीब 27.50 लाख रुपए का होता है। वहीं एक साल का एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम की फीस 35 लाख से 37 लाख तक पहुंच जाती है। इस राशि में हॉस्टल, लाइब्रेरी, कोर्स मटेरियल, कंप्यूटर लैब और अन्य विश्वस्तरीय सुविधाएं शामिल रहती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए स्कॉलरशिप और आसान शिक्षा ऋण की व्यवस्था मौजूद है। संस्थान में सीटें बेहद सीमित हैं। एमबीए प्रोग्राम में हर साल करीब 400 से 440 छात्रों को दाखिला मिलता है, जबकि एग्री-बिजनेस कोर्स में करीब 50 सीटें होती हैं। एडमिशन के लिए उम्मीदवारों को पहले कॉमन एडमिशन टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करना पड़ता है। इसके बाद एकेडमिक रिकॉर्ड, एनालिटिकल राइटिंग टेस्ट और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन किया जाता है। आईआईएम अहमदाबाद का प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी शानदार माना जाता है। यहां औसत सालाना पैकेज 34 लाख से 35 लाख रुपए तक पहुंच जाता है, जबकि कई छात्रों को एक करोड़ से अधिक के घरेलू और ढाई करोड़ रुपए तक के अंतरराष्ट्रीय पैकेज भी मिल चुके हैं। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, टाटा समूह, मैकिन्से, बीसीजी और गोल्डमैन सैक्स जैसी दिग्गज कंपनियां यहां से भर्ती करती हैं। सिराज/ईएमएस 19 मई 2026