राष्ट्रीय
19-May-2026
...


-मुंबई ले जाकर होगी गहन पूछताछ -आलीशान बंगले, महंगी गाड़ियां, बैंक लॉकर और बेनामी संपत्ति जांच के दायरे में नासिक,(ईएमएस)। नासिक के कथित स्वंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। महिलाओं के यौन शोषण, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में ईडी ने खरात को अपनी कस्टडी में लेकर मुंबई रवाना कर दिया है। अब उससे मुंबई स्थित ईडी कार्यालय में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार, ईडी ने अशोक खरात को अपने कब्जे में लेने के लिए नासिक में न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने नासिक के मध्यवर्ती कारागृह से उसे हिरासत में लिया और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई के लिए रवाना हो गई। सूत्रों के मुताबिक, खरात को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। ईडी उससे उसकी कथित बेनामी संपत्तियों, आलीशान बंगलों, महंगी गाड़ियों, बैंक लॉकरों, सोने और अन्य निवेशों को लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि उसके पास मौजूद संपत्ति का स्रोत क्या है और कहीं अवैध धन को वैध बनाने का प्रयास तो नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि अशोक खरात को प्रोडक्शन वारंट के तहत ईडी की कस्टडी में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इसी कारण पुलिस ने उसके ट्रांजिट के दौरान भारी सुरक्षा बंदोबस्त किया है। ईडी की इस कार्रवाई को लेकर नासिक और आसपास के क्षेत्रों में काफी चर्चा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच एजेंसी खरात के नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और उससे जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कस सकती है। हिदायत/ईएमएस 19मई26