केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए राज्य के 26वें आईपीएस अधिकारी रांची,(ईएमएस)। झारखंड कैडर के 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डीआईजी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में झारखंड सरकार को पत्र भेजकर उन्हें शीघ्र कार्यमुक्त करने को कहा है। वर्तमान में सुरेंद्र कुमार झा झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीआईजी कार्मिक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह रांची के एसएसपी और कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें वीरतापूर्ण कार्यों के लिए पुलिस वीरता पदक भी मिल चुका है। सांप्रदायिक तनाव नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका को काफी सराहा गया है। झारखंड कैडर में फिलहाल 146 आईपीएस अधिकारी हैं, जिनमें से 25 अधिकारी पहले से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। सुरेंद्र कुमार झा इस सूची में शामिल होने वाले 26वें अधिकारी बन गए हैं। हिदायत/ईएमएस 19मई26