वाहन चालक यूनियनों ने दी दिल्ली में 21 से 23 मई तक ‘चक्का जाम’ की चेतावनी नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। ऑटो और टैक्सी चालक यूनियनों ने किराये में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 21, 22 और 23 मई को तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। ‘ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस’ ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र भेजकर अपनी मांगें रखी हैं। यूनियनों का कहना है कि सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने चालकों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है। ‘चालक शक्ति यूनियन’ के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण चालक अपने परिवारों का भरण-पोषण करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द किराया संशोधन की अधिसूचना जारी नहीं करती, तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। यूनियनों ने आरोप लगाया कि दिल्ली-एनसीआर में टैक्सी किराए में पिछले करीब 15 वर्षों से कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ती रही हैं। ऐप-आधारित कैब कंपनियों पर भी मनमाने किराए और ड्राइवरों के शोषण के आरोप लगाए गए हैं। 23 मई को दिल्ली सचिवालय पर संयुक्त प्रदर्शन की भी घोषणा की गई है। हिदायत/ईएमएस 19मई26