- 19 महीने से भुगतान नहीं मिलने पर ठेकेदारों की हड़ताल सरगुजा (ईएमएस)। नगर निगम क्षेत्र के 48 में से 24 वार्डों में ठेका पद्धति से संचालित सफाई व्यवस्था गंभीर संकट में आ गई है। सफाई ठेकेदारों को पिछले 19 महीनों से भुगतान नहीं मिलने के कारण हालात बिगड़ गए हैं। भुगतान न होने से ठेकेदार मजदूरों को वेतन देने में असमर्थ हो गए, जिसके चलते सफाई कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण प्रभावित वार्डों में सफाई कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे शहर के कई इलाकों में कचरा और गंदगी जमा होने लगी है। स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर पार्षद एवं पूर्व एमआईसी सदस्य मेराज गुड्डू ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ठेकेदारों के भुगतान में भेदभाव किया गया है और कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमआईसी सदस्य और स्वच्छता प्रभारी ममता तिवारी के पति, सफाई ठेकेदार अनिल तिवारी को काम के एवज में करीब 90 लाख रुपये का भुगतान 5 जनवरी 2026 को कर दिया गया, जबकि अन्य ठेकेदारों के लंबित भुगतान को लगातार नजरअंदाज किया जाता रहा। मेराज गुड्डू ने इसे नगर निगम की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया है। वहीं, बाकी ठेकेदारों का कहना है कि एक साथ भेजी गई भुगतान मांगों के बावजूद उनके बिल अटके हुए हैं। फिलहाल सफाई व्यवस्था ठप होने से शहर में स्वच्छता संकट गहराता जा रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। - (ईएमएस)19 मई 2026