क्षेत्रीय
19-May-2026
...


- किशोर समेत दो लोगों की गई जान गुना (ईएमएस)। राघौगढ़ क्षेत्र के भैंसाना में चल रहे श्रीराम महायज्ञ की आस्था के बीच सोमवार शाम जिले में दो दर्दनाक सड़क हादसों ने मातम पसार दिया। राघौगढ़ क्षेत्र में यज्ञ देखने जा रहे एक किशोर की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि कुंभराज इलाके में शादी समारोह से लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पहली घटना राघौगढ़ क्षेत्र के आवन गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुई। राजस्थान के बारां जिले के लक्ष्मण कोटरा गांव निवासी 15 वर्षीय कान्हा वाल्मीकि अपने मामा गोविंद वाल्मीकि के साथ बाइक से भैंसाना महायज्ञ में शामिल होने जा रहा था। शाम करीब 7 बजे दोनों हाईवे किनारे रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कान्हा ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसके मामा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दूसरा हादसा कुंभराज क्षेत्र में हुआ। मोहनपुर गांव निवासी 51 वर्षीय सूरज मीणा अपने साले को बाइक से घर छोड़ने जा रहे थे। परिवार में शादी समारोह संपन्न होने के बाद वे रात में लौट रहे थे। रास्ते में अंधेरा होने के कारण आगे चल रहा ट्रैक्टर उन्हें दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि सूरज मीणा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथ मौजूद रिश्तेदार घायल हो गए। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी