रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुड़ाडीपा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब पीने से रोकने पर एक बेटे ने अपनी 70 वर्षीय मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची 10 वर्षीय नातिन भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार घर में मेरीना लकड़ा (70) खून से लथपथ हालत में पाई गईं, जिनके सिर, माथे और कान के पास गंभीर चोट के निशान थे। वहीं, घायल बच्ची अगोस्टिना लकड़ा (10) भी सिर में चोट लगने से बेहोश अवस्था में मिली। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस जांच में मृतका के बेटे संदीप लकड़ा (37) पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और घटना के समय घर में अकेला था। शराब के नशे में होने के कारण मां द्वारा उसे पीने से रोका गया और डांट लगाई गई, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसी दौरान उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से मां पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची नातिन पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर किसी तरह पड़ोस के घर पहुंची और जान बचाई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घायल बच्ची का इलाज जारी है। - (ईएमएस)19 मई 2026