क्षेत्रीय
19-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। उच्चभिट्‌ठी निवासी सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जवाहर लाल चौधरी (71) की तहसील कार्यालय परिसर में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वे जमीन संबंधी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे थे, लेकिन शिकायत दर्ज कराने से पहले ही अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। मिली जानकारी के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, मृतक अपने खेत में टॉवर लगाने के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदे जाने को लेकर शिकायत दर्ज कराने आए थे। वे पहले नगर पंचायत और फिर तहसील कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन शिकायत प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि जवाहर लाल चौधरी छाल क्षेत्र से प्रधान पाठक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका परिवार बिलासपुर में रहता है, जबकि वे गांव में अकेले रहकर खेती-किसानी करते थे। सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। - (ईएमएस) 19 मई 2026