रायगढ़ (ईएमएस)। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। इसके बावजूद कई स्थानों पर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग न देकर मिक्स कचरा देने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था के तहत संचालित वाहनों के बावजूद नियमों की अनदेखी पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन होटलों पर जुर्माना लगाया है। जानकारी के अनुसार, गांधी चौक से अग्रसेन चौक के बीच स्वच्छता सुपरवाइजरों की टीम ने होटल, दुकान और घरों में कचरा पृथक्करण की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंडित भोजनालय, अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट और शिवम होटल पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान संबंधित होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करके ही डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहनों को सौंपा जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा मिक्स कचरा दिया गया या सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने की शिकायत मिली, तो 5 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। - (ईएमएस) 19 मई 2026