क्षेत्रीय
19-May-2026
...


- कार-बाइक को रस्सी से खींचकर जताया विरोध धमतरी (ईएमएस)। जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भखारा ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए कार और बाइक को रस्सी से खींचकर पेट्रोल पंप तक मार्च किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पर पहुंचकर पेट्रोल की मांग करते नजर आए, हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई का असर सीधे तौर पर आम जनता पर पड़ रहा है। दाल, तेल, सब्जी, दूध, गैस सिलेंडर, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘डबल इंजन सरकार’ पर किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को पूरा न करने का आरोप भी लगाया। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और खाद संकट जैसी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आगे चलकर हर पेट्रोल पंप पर इसी तरह धरना और उग्र आंदोलन किया जाएगा। - (ईएमएस) 19 मई 2026