कांकेर (ईएमएस)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-30 पर रतेसरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चारामा नगर के दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार चारामा निवासी 20 वर्षीय इंद्र किरी अपने मित्र मुजीब खान के साथ एक्टिवा स्कूटी (CG 05 AS 9200) से रतेसरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रतेसरा मोड़ के पास सामने से आ रहे माजदा वाहन (CG 07 CJ 9146) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान इंद्र किरी ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मुजीब खान को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक इंद्र किरी के परिजनों की शिकायत पर माजदा वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। - ईएमएस / 19 मई 2026