क्षेत्रीय
19-May-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। नगर पालिका के प्लेसमेंट सफाई कर्मियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर काम बंद कर दिया और नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पर गंभीर संकट के हालात बन गए हैं। नगरीय निकाय कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें हर महीने तय समय पर वेतन नहीं दिया जाता। यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष और मजदूर नेता अरुण वाल्मीकि ने बताया कि कर्मचारियों को 11 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता है, लेकिन यह राशि भी 20 से 25 दिन की देरी से जारी की जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन न मिलने से वे आर्थिक तंगी का सामना करते हैं और कई बार मजबूरी में कर्ज लेना पड़ता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। विरोध प्रदर्शन के बाद नगर पालिका सीएमओ ने आश्वासन दिया कि पिछले माह का रुका हुआ वेतन आज ही कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दिया जाएगा और भविष्य में भुगतान समय पर करने का प्रयास किया जाएगा। सीएमओ के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आज शाम तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो पूरे शहर में सफाई कार्य पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। साथ ही यूनियन ने यह भी कहा है कि यदि आगे से हर महीने की 10 तारीख तक वेतन नहीं मिला, तो 11 तारीख से बिना किसी पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन काम बंद किया जाएगा। - ईएमएस / 19 मई 2026