खेल
19-May-2026


सबसे कम मैचों में 150 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड बनाया काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर संदीप लामिछाने ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान तीन विकेट लेते ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया विश्व रिकार्ड अपने नाम किया है। अब लामिछाने सबसे कम मैचों में 150 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गये हैं। लामिछाने ने ये उपलब्धि केवल 73 एकदिवसीय मैचों में ही हासिल कर ली है। वहीं इससे पहले मिचेल स्टार्क के नाम ये रिकार्ड था। स्टार्क ने ये उपलब्धि 77 मैचों में हासिल की थी। लामिछाने ने यह आंकड़ा उनसे चार मैच पहले ही हासिल कर लिया है। स्टार्क ने हालांकि ये रिकार्ड भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान जैसी दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलते हुए बनाया था। वहीं लामिछाने ने मुख्य रूप से एसोसिएट देशों के खिलाफ खेलते हुए इतने विकेट लिए हैं। इसके बावजूद, लामिछाने की यह उपलब्धि उनके कौशल और निरंतरता का प्रमाण है और नेपाल जैसी नई टीम को देखते हुए महत्वपूर्ण है। सबसे तेज 150 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड पहले पाकिस्तान के महान स्पिनर सकलैन मुश्ताक के नाम था। सकलेन ने साल 1998 में 78 मैचों में यह कारनामा किया था। 2019 में स्टार्क ने 77 मैचों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वहीं इस सूची में अफगानिस्तान के राशिद खान और भारत के मोहम्मद शमी भी शामिल हैं, जिन्होंने 80-80 मैचों में 150 वनडे विकेट पूरे किए हैं। मोहम्मद शमी इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय गेंदबाज हैं, जो इस आंकड़े पर पहुंचने वाले पांचवें सबसे तेज गेंदबाज भी हैं। गिरजा/ईएमएस 19 मई 2026