खेल
19-May-2026


चेन्नई (ईएमएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ आईपीएल के 19 वें सत्र में अपनी टीम के कमजोर प्रदर्शन से निराश हैं। टीम को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली हार से भी करारा झटका लगा है क्योंकि इस हार से टीम तकरीबन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गयी है। इसका कारण है कि अब सीएसके अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच सकती है। वहीं तीन अन्य टीमें 15 या इससे अधिक अंक हासिल कर सकती हैं। गायकवाड़ ने कहा कि सनराइजर्स के खिलाफ करीबी मुकाबले में उनकी टीम ने अंत तक संघर्ष किया जिसपर उन्हें गर्व है। कप्तान ने कहा कि अब अगले सत्र के लिए टीम को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, हाँ, बिल्कुल। हम टीम बना रहे हैं। सच कहूं तो, मुझे लगता है कि इसमें बहुत सारी सकारात्मक बातें हैं। उन्होंने युवा प्रतिभाओं की सराहना की साथ ही कहा कि संजू सैमसन के आने से टीम की बल्लेबाजी बेहतर हुई है। वह हमारे लिए बहुत अच्छा खेल रहे हैं। युवा कार्तिक शर्मा से भी काफी उम्मीदें हैं। गायकवाड़ ने माना है कि कुछ प्रमुख खिलाड़ी जो अंतिम 12 का हिस्सा थे, वे टीम से बाहर हो गए हैं, और अब उनके सही विकल्प तलाशने होंगे। दुनिया भर में फैले सीएसके प्रशंसकों के लिए संदेश देते हुए, कप्तान ने उनके लगातार समर्थन के लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा, दुनिया भर में हमारे जो प्रशंसक हैं, वे आते हैं और हर अच्छे-बुरे समय में हमारा साथ देते हैं। साथ ही कहा, मुझे लगता है, पिछले साल की तुलना में, हम इस साल बहुत बेहतर थे और निश्चित रूप से अगले साल यहां और बेहतर होकर उतरेंगे। ईएमएस 19 मई 2026