क्षेत्रीय
19-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के अशोक नगर थाना में अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विधायक कुलदीप कुमार ने घटनास्थल के वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि बगल में फायर स्टेशन है और 1 घंटे से आग लगी हुई है, लेकिन अब पूरे एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां आई हैं। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 1 बजकर 6 मिनट पर दिल्ली फायर सर्विस को न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन के मलकाने में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर शुरुआती तौर पर तीन वॉटर टेंडर (डब्ल्यूटी) और एक वॉटर बाउजर (डब्ल्यूबी) भेजे गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए दोपहर 1 बजकर 28 मिनट पर आग को ‘मेक-4’ घोषित किया गया। इसके बाद मौके पर दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां भेजी गईं। कुल मिलाकर चार डब्ल्यूटी, तीन डब्ल्यूबी और एक अन्य फायर यूनिट मौके पर पहुंची। फायर ऑपरेशन की निगरानी स्टेशन ऑफिसर अनूप सिंह और एडीओ राजेश शुक्ला कर रहे थे। आग पर काबू पाने के दौरान फायर विभाग ने दो और डब्ल्यूबी की मांग की। आखिरकार दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर आग को “अंडर कंट्रोल” घोषित किया गया। हालांकि इसके बाद भी लंबे समय तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा। दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर फायर विभाग की तरफ से “स्टॉप” मैसेज जारी किया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/19/ मई/2026