दतिया ( ईएमएस ) | वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश पर दतिया शहर में विद्युत चोरी, अनियमित विद्युत उपयोग एवं कम भार पर अत्यधिक लोड संचालन करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त विशेष अभियान चलाया गया। विद्युत विभाग की टीमों ने तड़के सुबह से देर रात तक शहर में व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया। विशेष अभियान के दौरान विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत 2 सैकड़ा से अधिक विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध रूप से एवं कम स्वीकृत भार पर संचालित किए जा रहे 50 से अधिक एयर कंडीशनर पकड़े गए। जांच के दौरान कई स्थानों पर घरेलू कनेक्शन पर व्यवसायिक उपयोग, डायरेक्ट सप्लाई, मीटर बायपास, केबल टैम्परिंग तथा कम लोड स्वीकृति लेकर अत्यधिक विद्युत उपयोग जैसी गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाने हेतु दतिया शहर में एक साथ 15 विशेष टीमें गठित की गईं, जिनमें लगभग 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। चेकिंग अभियान शहर की गलियों से लेकर बाहरी क्षेत्रों, बाजारों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं रहवासी कॉलोनियों तक चलाया गया। कई स्थानों पर टीमों द्वारा सुबह-सुबह कार्यवाही की गई। विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि भोपाल स्थित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एनालिसिस टीम द्वारा ऐसे संदिग्ध उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया, जिनके परिसरों में वास्तविक विद्युत उपयोग अत्यधिक होने के बावजूद मात्र 100 से 150 यूनिट तक के बिल आ रहे थे। एआई आधारित डेटा विश्लेषण के बाद संदिग्ध उपभोक्ताओं की सूची दतिया कार्यालय को प्राप्त हुई, जिस पर विशेष टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई घरों एवं प्रतिष्ठानों में एसी, भारी विद्युत उपकरण, बड़े फ्रिज, डीप फ्रीजर एवं व्यवसायिक लोड संचालित पाए गए। इसी प्रकार बाजार क्षेत्रों में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिन दुकानों में या तो वैध विद्युत कनेक्शन नहीं पाए गए अथवा स्वीकृत भार से अधिक विद्युत उपयोग किया जा रहा था, उनके विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 126 के अंतर्गत लगभग दो दर्जन प्रकरण दर्ज किए गए। कई दुकानों में बड़े फ्रिज, एयर कंडीशनर एवं भारी विद्युत उपकरण संचालित पाए गए जबकि विभाग से अत्यंत कम लोड स्वीकृत कराया गया था। विशेष अभियान के दौरान विभाग द्वारा लगभग 60 लाख रुपए से अधिक की पेनल्टी एवं आकलन राशि की बिलिंग की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में पेनल्टी राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे तथा नियमानुसार कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्युत चोरी एवं अनियमित उपयोग के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी दतिया शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में इसी प्रकार सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। विभाग ने समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन लें, स्वीकृत भार के अनुसार ही विद्युत उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी अथवा अनियमित उपयोग से बचें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।