-मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान में एक हफ्ते तक चलेंगी सूखी और गर्म हवाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे अगले पांच-छह दिनों तक कोई राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना रहेगा। यूपी का बांदा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बांदा एशिया ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री था। यह इतिहास में तीसरी बार है, जब बांदा में पारा 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इसके पहले 2019 के मई माह में 48.1 डिग्री और 2022 में 49 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। देश में दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश का नौगांव और तीसरे नंबर पर हरियाणा का रोहतक है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम से लेकर पूरब तक अगले पांच-छह दिनों तक तपिश से राहत के आसार नहीं हैं। इस बीच यूपी के 60 से ज्यादा जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से उत्तर भारत में शुष्क और गर्म हवा का प्रभाव काफी बढ़ गया है। इसके चलते देश के ज्यादातर राज्यों में लू की स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के हैं। यह पहली बार है, जब इस सूची में सभी शहर भारत के हैं। इन शहरों में बांदा, नौगांव, रोहतक, आगरा, झांसी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी के नाम हैं। रिपोर्ट के मुताबिक देश में गर्मी अपने पीक पर है। प्राइवेट मौसम एजेंसी के मुताबिक मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के 10 राज्यों में अगला एक हफ्ता पूरी तरह सूखा रहेगा। एजेंसी के मुताबिक इस दौरान सूखी-गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान भी 45 या उससे ज्यादा ज्यादा जा सकता है। वेस्टर्न डिस्टर्वेंस भी कमजोर है और फिलहाल कोई वेदर सिस्टम भी नहीं है। ऐसे में बारिश की कोई संभावना नहीं है। बॉक्स इन शहरों में पारा चढ़ा बांदा (यूपी) : 48.20 नौगांव (मप्र) : 47.00 रोहतक (हरियाणा) : 46.90 अमरावती (महाराष्ट्र) : 46.80 दिल्ली रिज : 46.50 पहाड़ी राज्यों में पारा 40 पार कठुआ : 44.6 जम्मू : 42.0 रूड़की : 41 पंतनगर : 40.2 ऊना : 43.4 नेरी (हमीरपुर) : 41.2 मंडी : 40 सिराज/ईएमएस 20मई26