सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा ये वीडियो नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों के दौरे का अंतिम चरण इटली में जाकर समाप्त हुआ, जहाँ अहम कूटनीतिक चर्चाओं के बीच बेहद खास और दिलकश लम्हा सामने आया। रोम में, प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को पारले मेलोडी चॉकलेट का पैकेट भेंट किया, जिसकी एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वीडियो को खुद पीएम मेलोनी ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है, और दोनों नेताओं के बीच की गहरी दोस्ती और बेहतरीन कैमिस्ट्री का सबूत बन गया है। वायरल हुए सेल्फी वीडियो में प्रधानमंत्री मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी एक साथ नजर आ रहे हैं। मुस्कुराते हुए मेलोनी कहती हैं, प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत अच्छी टॉफी गिफ्ट लेकर आए हैं। उनके बयान के तुरंत बाद, पीएम मोदी कैमरे के सामने मेलोडी चॉकलेट का पैकेट दिखाकर बड़े ही मजाकिया अंदाज में मेलोडी! कहते हैं। इसके बाद दोनों नेता ठहाके लगाकर हंस पड़ते हैं। यह मजेदार और आत्मीय पल वैश्विक मंच पर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच की सहजता और मैत्रीपूर्ण संबंधों को दिखाता है। दरअसल, मेलोडी शब्द इंटरनेट और सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड हुआ है, जो इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उपनामों को जोड़कर बनाया गया है। मेलोनी+ मोदी = मेलोडी। इस शब्द ने पहली बार तब सुर्खियां बटोरी थीं, जब बीते वर्षों में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। उस समय पीएम मेलोनी ने खुद एक सेल्फी वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था, हैलो फ्रॉम द मेलोडी टीम। सोशल मीडिया यूजर्स ने दोनों की इस कूटनीतिक दोस्ती को मेलोडी नाम दिया था। पीएम मोदी ने अब इसी वैश्विक सोशल मीडिया ट्रेंड का बड़े ही शानदार और मजाकिया अंदाज में जवाब देकर उन्हें सचमुच की मेलोडी टॉफी तोहफे में दे दी है। यह सिर्फ एक मीठा पल नहीं, बल्कि कूटनीतिक नजरिए से भी गहरे मायने रखता है। डिनर और रोम के ऐतिहासिक कोलोसियम के दौरे के साथ शुरू हुई पीएम मोदी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) जैसे अहम प्रोजेक्ट्स पर अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना था। मेलोडी चॉकलेट का यह वाकया स्पष्ट रूप से दिखाता है कि भारत और इटली के कूटनीतिक रिश्ते अब केवल औपचारिक नहीं, बल्कि पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़, मधुर और व्यक्तिगत सौहार्द से भरे हुए हैं, जो भविष्य के सहयोग के लिए एक मजबूत नींव तैयार करते हैं। आशीष दुबे / 20 मई 2026