देवास (ईएमएस)। आम नागरिकों की सुविधा के लिए 23 मई 2026 (शनिवार) को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक जिला देवास के छह डाकघरों में आधार नामांकन एवं अपडेट हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रधान डाकघर देवास सहित सोनकच्छ, हाटपिपलिया, कन्नौद, खातेगांव एवं बागली उप डाकघरों में नागरिक आधार कार्ड से जुड़े आवश्यक सुधार एवं नए आधार कार्ड बनवाने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। डाक विभाग भारत सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर यह सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित डाकघरों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को त्वरित एवं सहज सेवा मिल सके। सहायक अधीक्षक डाकघर देवास उप संभाग श्री कैलाश चौहान ने बताया कि विशेष अभियान के लिए 21 एवं 22 मई 2026 को संबंधित डाकघरों में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे। इच्छुक नागरिकों से समय रहते टोकन प्राप्त करने की अपील की गई है, ताकि 23 मई को आधार संबंधी कार्य बिना किसी परेशानी के पूर्ण हो सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित डाकघरों में पहुंचकर आधार सेवाओं का लाभ लें। ईएमएस/ मोहने/20 मई 2026