ट्रेंडिंग
20-May-2026
...


भारतीय समुदाय में दिखा जबरदस्त उत्साह रोम(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के ऐतिहासिक दौरे के आखिरी चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं, जहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मंगलवार रात उनका बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच की गहरी और मजबूत दोस्ती उस वक्त सोशल मीडिया पर भी खुलकर सामने आई, जब प्रधानमंत्री मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बेहद खास संदेश पोस्ट करते हुए लिखा, रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त! इटली की इस आधिकारिक यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री मेलोनी के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण समझौतों पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से भी शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। रोम के हवाई अड्डे पर पहुंचते ही वहां प्रवासी भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार और अभूतपूर्व स्वागत किया। तिरंगा थामे और पारंपरिक वेशभूषा में सजे सैकड़ों लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही पीएम मोदी उनके बीच पहुंचे, पूरा माहौल मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने भी गर्मजोशी से लोगों का आभार व्यक्त किया और सुरक्षा घेरा तोड़कर उनसे हाथ मिलाया। इस दौरान कुछ छोटे बच्चे प्रधानमंत्री का हाथ से बनाया हुआ सुंदर चित्र लेकर पहुंचे थे, जिसे देखकर पीएम मोदी बेहद खुश हुए और उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उस चित्र पर अपने हस्ताक्षर भी किए। प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा के उद्देश्य को साझा करते हुए कहा कि वह भारत और इटली के सदियों पुराने और मजबूत रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के मकसद से रोम आए हैं। बुधवार को दोनों वैश्विक नेताओं की यह बहुप्रतीक्षित मुलाकात ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में होने जा रही है। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के बाद भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत व व्यावहारिक रूप देने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी किया जाएगा। हवाई अड्डे पर अगवानी की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने खुद एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में जारी सहयोग को एक नई रफ्तार देगी। वर्तमान में दोनों देश वर्ष 2025-2029 की संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना पर काम कर रहे हैं। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार रिकॉर्ड 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो इनके मजबूत होते आर्थिक संबंधों की गवाही देता है। यह दौरा यूरोप के साथ भारत के व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत करेगा, खासकर हाल ही में भारत और यूरोपीय संघ के बीच संपन्न हुई फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) की बातचीत के बाद इस यात्रा का महत्व और बढ़ गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/20मई 2026