20-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। सद्गुरू योगेंद्र शीलनाथ जी महाराज धूनी परिसर, मल्हार क्षेत्र में बुधवार से 41 दिवसीय पंच धूनी एवं खड़ी तपस्या का शुभारंभ हुआ। शीलनाथ भक्त मंडल के सचिव राहुल शर्मा ने बताया कि हरियाणा के हिसार जिले के सुल्तानपुर गांव स्थित नाथ संप्रदाय के प्राचीन मठ के गादीपति महंत बालयोगी संतोष नाथ महाराज ने 20 मई को प्रात: 11 बजे तपस्या आरंभ की। तपस्या का बुधवार को प्रथम दिवस रहा। उन्होंने बताया कि गुरु महाराज की यह विशेष साधना प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक चलेगी। पंच धूनी तपस्या के अंतर्गत महाराज पांच स्थानों पर प्रज्वलित धूनियों के मध्य बैठकर ध्यान एवं साधना करेंगे। प्रथम दिवस पर गुरु महाराज ने 28-28 कंडों की धूनी के बीच साधना प्रारंभ की। यह कठिन तपस्या आगामी 29 जून तक निरंतर चलेगी। नाथ संप्रदाय में पंच धूनी तपस्या को अत्यंत दुर्लभ एवं कठोर साधना माना जाता है। भीषण गर्मी और धधकती अग्नि के मध्य घंटों तक ध्यान लगाना तथा खड़े रहकर साधना करना सामान्य साधकों के लिए अत्यंत कठिन माना जाता है। तपस्या के शुभारंभ अवसर पर शीलनाथ भक्त मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने गुरु महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्त मंडल द्वारा नगर सहित प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर तपस्या के दर्शन लाभ लेने की अपील की गई है। ईएमएस/ मोहने/20 मई 2026