राष्ट्रीय
20-May-2026
...


- गहलोत का केंद्र पर हमला - राहुल गांधी देश को आगाह कर रहे - सरकार को सच बताना चाहिए जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और यदि समय रहते सरकार ने स्थिति नहीं संभाली तो जनता सड़कों पर उतर सकती है। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार सरकार को इसलिए चेतावनी दे रहे हैं ताकि हालात नियंत्रण से बाहर न हो जाएं। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति नहीं करते, बल्कि देशहित में अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल के साफ इंसान हैं और जो बात उन्हें सही लगती है, वह खुलकर कहते हैं। गहलोत के अनुसार राहुल गांधी लगातार देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को लेकर सरकार को आगाह कर रहे हैं, ताकि जनता में असंतोष विस्फोटक रूप न ले ले। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया संबोधन पर भी सवाल उठाए। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और खर्च सीमित रखने जैसी सलाह तो दी, लेकिन देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति पर खुलकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को सच्चाई बताने से बच रही है। गहलोत ने कहा कि यदि पेट्रोल-डीजल, खाद, बिजली, पानी और गैस सिलेंडर जैसी जरूरी चीजों की किल्लत बढ़ती गई तो हालात गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज ऐसी स्थिति बन रही है कि लोगों को छोटी दूरी तय करने के लिए भी कई बार पेट्रोल भरवाना पड़ रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा ईंधन वितरण की सीमा तय करना भी चिंताजनक संकेत है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रति असम्मानजनक व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष का भी उतना ही महत्व होता है जितना प्रधानमंत्री का। राहुल गांधी देश की समस्याओं को उठा रहे हैं और सरकार को जिम्मेदारी से जवाब देना चाहिए। गहलोत ने कहा कि यदि देश कठिन दौर से गुजर रहा है तो सरकार को पारदर्शिता दिखानी चाहिए और जनता को स्पष्ट रूप से स्थिति बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को बचाने और जनता के हितों की रक्षा के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।