क्षेत्रीय
20-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। चकरभाठा में नशे का कारोबार चुपचाप पैर पसार रहा था, लेकिन इस बार पुलिस ने सीधा वार कर दिया। कार में बैठकर रूष्ठरू्र बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। मौके से बरामद माल और वाहन की कीमत करीब 12.95 लाख रुपये आंकी गई है, जिसने इस पूरे खेल की गंभीरता उजागर कर दी है। सूचना साफ थी—एक एस-क्रॉस कार में बैठकर दो युवक मैदान के किनारे ग्राहक तलाश रहे हैं। जैसे ही थाना चकरभाठा और एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, आरोपियों को भनक लग गई और वे भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन इस बार रास्ता पहले से बंद था। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में 26.05 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ—एक ऐसा नशीला पदार्थ, जो युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में लेता है। साथ ही जिस कार में यह सौदा चल रहा था, उसे भी जब्त कर लिया गया। शुरुआती पूछताछ में ही दोनों आरोपियों ने कबूल कर लिया कि वे इस ड्रग्स को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। गिरफ्तार आरोपी चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा, दोनों चकरभाठा के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अब जांच इस बात पर भी टिकी है कि यह एमडीएमए इनके पास कहां से पहुंचा और इसके पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। यह कार्रवाई सिर्फ दो आरोपियों की गिरफ्तारी भर नहीं है, बल्कि एक संकेत है—कि शहर में नशे के कारोबार पर अब सीधे और सख्त प्रहार हो रहा है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।