नालन्दा(ईएमएस)। नालंदा में बुधवार को मिड-डे-मिल का खाना खाकर 36 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। खाना खाने के थोड़ी ही देर बाद सभी को उल्टी, दस्त और चक्कर आने लगे। कई तो बेहोश होने लगे। तुरंत बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरनौसा में भर्ती कराया गया। जहां इलाज जारी है। कुछ बच्चों की स्थिति गंभीर है, उन्हें चंडी रेफरल अस्पताल भेजा गया है। 5वीं कक्षा की छात्रा अमृता कुमारी ने बताया कि खाने में चावल और चने (बूट) की सब्जी परोसी गई थी। खाने में दवा की एक गोली मिली थी। मामला नगरनौसा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय कला कैला का है। छात्राओं ने कहा कि रोज की तरह बच्चों से पहले शिक्षकों ने भोजन को नहीं चखा था। हालांकि, बाद में अमरेश सर नामक एक शिक्षक ने खाना खाया था, जिसके बाद उन्हें भी चक्कर आने लगा और वे भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। विनोद उपाध्याय / 20 मई, 2026