20-May-2026
...


- इंदौर में ब्रिक्स युवा परिषद उद्यमिता कार्य समूह की बैठक शुरू; स्थानीय नवाचारों से वैश्विक प्रभाव पैदा करने पर जोर इंदौर (ईएमएस)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में ब्रिक्स युवा परिषद उद्यमिता कार्य समूह की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। इस अंतरराष्ट्रीय समागम में ब्रिक्स देशों के युवा उद्यमी, नीति-निर्माता और हितधारक उद्यमिता में आपसी सहयोग को मजबूत करने तथा नवाचार आधारित सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित यह बैठक लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण विषय पर केंद्रित है। - युवाओं के पास परिवर्तनकारी बदलाव की शक्ति केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक को संबोधित करते हुए ब्रिक्स देशों की जनसांख्यिकीय ताकत को रेखांकित किया। मांडविया ने कहा कि ब्रिक्स देश मिलकर दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। कई ब्रिक्स अर्थव्यवस्थाओं में 50 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है, जबकि अकेले भारत में यह आंकड़ा लगभग 65 प्रतिशत है। यह विशाल युवा शक्ति वैश्विक स्तर पर कामकाज के भविष्य को आकार देने का बड़ा अवसर देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कौशल विकास, डिजिटल समावेशन और उद्यम आधारित विकास के माध्यम से दुनिया का सबसे जीवंत स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र निर्मित किया है। :: स्थानीय नवाचारों का दिखेगा वैश्विक प्रभाव :: स्थानीय नवाचार से वैश्विक प्रभाव तक विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि जब ब्रिक्स राष्ट्र एक-दूसरे के अनुभवों से सीखते हैं, तो स्थानीय नवाचार वैश्विक प्रभाव पैदा करते हैं। उन्होंने भारत के छोटे और टियर-2 व टियर-3 शहरों से उभरते युवा उद्यमियों की सफलता को देश की समावेशी विकास प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि युवा-नेतृत्व वाली उद्यमिता को रोजगार और नवाचार के मुख्य चालक के रूप में मान्यता मिल रही है। यह कार्य समूह विविध आर्थिक संदर्भों में भविष्य के लिए तैयार उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने का व्यावहारिक मंच है। :: इन महत्वपूर्ण विषयों पर हुई पैनल चर्चा :: उद्घाटन सत्र में मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और युवा कार्यक्रम विभाग के अपर सचिव नितेश कुमार मिश्रा सहित ब्रिक्स देशों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रदर्शनी का आयोजन : कार्यक्रम की शुरुआत प्रौद्योगिकी, सततता और सामाजिक उद्यम क्षेत्र के नवाचारों को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी से हुई। विषयगत विमर्श : बैठक के दौरान डिजिटल नवाचार, प्रौद्योगिकी-संचालित उद्यमिता, सामाजिक-समावेशी उद्यमिता और हरित व्यापार मॉडल (जलवायु-सकारात्मक व्यवसाय) पर गहन पैनल चर्चाएं हुईं। उभरते क्षेत्र : विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), फिनटेक, एग्रीटेक, सततता और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में युवा उद्यमियों के लिए बन रहे नए अवसरों पर व्यावहारिक दृष्टिकोण साझा किए। प्रकाश/20 मई 2026