:: मध्य भारत के इनोवेशन और स्टार्ट-अप हब के रूप में उभर रहा मध्य प्रदेश; इंदौर में ब्रिक्स यूथ एंटरप्रेन्योरशिप वर्किंग ग्रुप की बैठक :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इंदौर में आयोजित ब्रिक्स यूथ एंटरप्रेन्योरशिप वर्किंग ग्रुप मीटिंग-2026 को संबोधित करते हुए कहा कि आज ब्रिक्स राष्ट्र विकासशील देशों की आकांक्षाओं, ऊर्जा, नवाचार क्षमता और आर्थिक शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव पल्लवी जैन गोविल, अतिरिक्त सचिव नितेश कुमार मिश्रा सहित ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि, स्टार्टअप लीडर्स और युवा उद्यमी उपस्थित थे। :: वसुधैव कुटुम्बकम् से तय हो रही समावेशी विकास की दिशा :: प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सारंग ने कहा कि भारत सदैव शांति, साझेदारी, मानवीय मूल्यों और वैश्विक सहयोग में विश्वास रखने वाला देश रहा है। उन्होंने भारतीय अवधारणा वसुधैव कुटुम्बकम् का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत विश्व को सामूहिक कल्याण की दिशा प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, युवा सशक्तिकरण और ग्लोबल साउथ के विकास के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक भागीदार बनकर उभरा है। वर्ष 2006 में चार देशों से शुरू हुआ ब्रिक्स समूह आज 11 सदस्य देशों तक विस्तारित हो चुका है, जो विश्व की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करता है और वैश्विक जीडीपी में 35 से 40 प्रतिशत का योगदान देता है। :: 20 मई के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख :: सारंग ने कहा कि विश्व अब सूचना युग में प्रवेश कर चुका है, जहाँ डेटा, तकनीक और ज्ञान नवाचार की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने 20 मई के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए बताया कि इसी दिन वर्ष 1498 में पुर्तगाली खोजकर्ता वास्को-डी-गामा समुद्री मार्ग से भारत पहुँचे थे, जिसने वैश्विक व्यापार का नया अध्याय शुरू किया था। सदियों बाद आज विश्व पुनः भारत में एकत्रित हुआ है, लेकिन इस बार उद्देश्य व्यापार मार्गों की खोज नहीं, बल्कि तकनीक और वैश्विक सहयोग के नए मार्ग निर्मित करना है। उन्होंने विश्व मधुमक्खी दिवस और अंतर्राष्ट्रीय मानव संसाधन दिवस का उदाहरण देते हुए कहा कि ब्रिक्स देशों के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है, जो सामूहिक टीमवर्क से वैश्विक नेतृत्व प्रदान कर सकती है। :: इनोवेशन हब के रूप में बढ़ रहा मध्य प्रदेश :: मध्य प्रदेश की प्रगति पर बात करते हुए सारंग ने कहा कि राज्य अब नवाचार, निवेश, औद्योगिक विकास और स्टार्टअप ग्रोथ का प्रमुख केंद्र बन चुका है। राज्य की उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश-अनुकूल नीतियां आईटी, एग्रीटेक व रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं खोल रही हैं। इंदौर, जो देश का सबसे स्वच्छ शहर है, आधुनिक भारत की स्वच्छता, उद्यमिता और आतिथ्य भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने भारत की 18वीं ब्रिक्स समिट की अध्यक्षता का सांकेतिक महत्व बताते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के भी 18 अध्याय हैं, जो विश्व कल्याण और निष्काम कर्म का संदेश देते हैं। विकास सदैव मानव-केंद्रित और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के प्रति समर्पित होना चाहिए।