मनोरंजन
21-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपना नया रियलिटी शो ‘मां है ना’ ओटीटी प्लेटफॉर्म ज़ी5 लेकर आने जा रहा है। इस खास शो को बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी होस्ट करेंगी। इस शो का प्रीमियर जल्द होने वाला है। शो का उद्देश्य मां और बच्चों के रिश्तों की भावनात्मक गहराई, प्यार, अपनापन और रोजमर्रा के अनमोल पलों को दर्शकों तक पहुंचाना है। शो में तान्या मित्तल अपनी मां सुनीता मित्तल के साथ दिखाई देंगी। यह सुनीता मित्तल की टेलीविजन पर पहली उपस्थिति होगी। वहीं, अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया अपने बेटे क्षितिज ढोलकिया के साथ इस शो का हिस्सा बनेंगी। शो में मां-बेटे और मां-बेटी के रिश्तों की सच्ची भावनाओं और उनके बीच की समझ को बेहद करीब से दिखाया जाएगा। तान्या मित्तल ने शो को लेकर अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि चाहे इंसान कितना भी आत्मनिर्भर क्यों न बन जाए, जिंदगी में एक ऐसा व्यक्ति हमेशा होता है जिसके पास लौटकर सबसे ज्यादा सुकून मिलता है और उनके लिए वह उनकी मां हैं। उन्होंने कहा कि मां का साथ हमेशा एक सुरक्षित एहसास देता है। तान्या के मुताबिक, यह शो उनके दिल के बेहद करीब है क्योंकि इसमें परिवार की असली भावनाएं, हंसी-मजाक, छोटी-छोटी नोकझोंक और भावुक पल दिखाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं बल्कि रिश्तों का उत्सव है। तान्या ने यह भी बताया कि इस शो की वजह से उन्हें अपनी मां के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिला, जो रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी में अक्सर संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और यादगार रहेगा। वहीं, उनकी मां के लिए यह पहला रियलिटी शो है और वह उनके साथ इस सफर का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं। दूसरी ओर, उर्वशी ढोलकिया ने भी इस शो को अपने जीवन का बेहद खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि अपने बेटे के साथ इतने सच्चे और बिना बनावट वाले पलों को जीना उनके लिए बहुत भावुक अनुभव रहा। शो के दौरान उन्होंने साथ में खाना बनाया, हंसी-मजाक किया और छोटी-मोटी बहसें भी हुईं, जो हर परिवार का हिस्सा होती हैं। उर्वशी के मुताबिक, यही असली पल इस शो को खास बनाते हैं। सुदामा/ईएमएस 21 मई 2026