क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- युवक की मौत, आरोपी चालक हिरासत में - पीछा कर भीड़ ने डंपर चालक को पीटा आगरा (ईएमएस)। बोदला-सिकंदरा मार्ग पर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-4 निवासी 40 वर्षीय सुरमीत सिंह बेदी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद भी चालक ने डंपर नहीं रोका, बल्कि भागने के प्रयास में गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान मृतक का शव डंपर के साथ करीब 25 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उनका एक पैर शरीर से अलग हो गया। यह खौफनाक मंजर देखकर राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। डंपर चालक को रोकने के लिए स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। करीब दो किलोमीटर दूर कारगिल तिराहे के पास लोगों ने डंपर पर पथराव कर उसे जबरन रुकवाया। गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक को दबोचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे मौके पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक निरंजन, जगनेर क्षेत्र का रहने वाला है और डंपर में गिट्टी लोड कर हाथरस की तरफ जा रहा था। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के मुताबिक, रात 11 बजे नो एंट्री का समय खत्म होते ही भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है, और यह हादसा भी उसी दौरान हुआ। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी है, जो उस समय लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। परिजनों के आगरा लौटने पर उनके शिकायती पत्र के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026