- मोबाइल और नशे से निकालकर मैदान तक ला रही बिलासपुर पुलिस बिलासपुर (ईएमएस)। आओ संवारें कल अपना चेतना अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा आयोजित समर कैंप बच्चों और युवाओं के लिए सकारात्मक बदलाव का बड़ा मंच बनता जा रहा है। अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर थीम पर चल रहे इस अभियान में युवाओं को खेल, कला और कौशल गतिविधियों से जोडकऱ उन्हें नशा, मोबाइल की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में यह समर कैंप आयोजित किया जा रहा है, जहां बच्चों और युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न खेल और रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप में तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियों के साथ सिलाई और क्राफ्ट का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पुलिस विभाग के अनुसार कैंप में वॉलीबॉल के लगभग 35, हैंडबॉल के 40, हॉकी के 70, रनिंग के 50 और तायक्वांडो के करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें कई बच्चे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, जिन्हें नियमित रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षित कोच और विशेषज्ञ बच्चों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ अनुशासन और टीम भावना का भी पाठ पढ़ा रहे हैं। एसएसपी रजनेश सिंह समय-समय पर कैंप पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हैं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हैं। इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी कैंप पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और योगा मैट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अभियान के तहत पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई है। नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में सिलाई और क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में सकारात्मक चेतना विकसित करना और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩा है, ताकि वे बुरी संगत, नशे और अपराध से दूर रहकर समाज और परिवार के लिए बेहतर भूमिका निभा सकें। - 21 मई 2026