पुणे, (ईएमएस)। वनराज आंदेकर हत्याकांड से जुड़े मुख्य आरोपी आकाश म्हस्के के भाई अक्षय म्हस्के पर पुणे के बालाजीनगर इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग और कोयते से हमला किया गया। इस हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, अक्षय बापू म्हस्के उर्फ बाला (26) पर हुए इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आंदेकर गैंग से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच ने एक नाबालिग समेत आफ्ताफ शरीफ सैयद, ऋषी प्रसाद मोहन आंबट, आवेज अशपाक शेख, वेदांत श्रीनिवास टेमगिरे और अमन फारूक बागवाले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सितंबर 2024 में राष्ट्रवादी कांग्रेस से जुड़े पूर्व नगरसेवक वनराज आंदेकर की हत्या हुई थी, जिसमें आकाश म्हस्के मुख्य आरोपियों में शामिल था। अब उसके भाई पर हुए हमले के बाद पुणे में गैंगवार और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की साजिश तथा आपसी गैंग रंजिश के एंगल की पड़ताल की जा रही है। जतिन/संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस