- अब गेतलसुद डैम तक चलाया जाएगा सर्च अभियान रांची (ईएमएस)। राजधानी रांची के कोकर इलाके से लापता हुई बच्ची अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। नौ मई से गायब बच्ची की तलाश में पुलिस लगातार जांच और छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची की जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अदिति के परिजन भी थाने पहुंचकर फुटेज देखने में पुलिस की मदद कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी कैमरे में ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इधर, एनडीआरएफ की टीम ने कई दिनों तक नाले और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। नाले में लगातार खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद फिलहाल एनडीआरएफ ने अभियान रोक दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तलाश अभी जारी रहेगी। परिजनों का आरोप है कि अदिति कभी नाले की तरफ नहीं जाती थी। ऐसे में परिवार को बच्ची के अपहरण की आशंका है। वहीं पुलिस का कहना है कि बच्ची के लापता होने के बाद लगातार हुई बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए अब गेतलसुद डैम तक सर्च अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। मामले को लेकर इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग भी बच्ची की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं, जबकि परिवार उसकी सकुशल वापसी के लिए लगातार पूजा-पाठ कर रहा है। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026