मुंबई, (ईएमएस)। दिवंगत वरिष्ठ नेता वसंत डावखरे के पुत्र प्रबोध डावखरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी, अजित पवार) में आधिकारिक रूप से प्रवेश किया। मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में कल आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल की मौजूदगी में उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने प्रबोध डावखरे का पार्टी में स्वागत किया। हालांकि, एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे इस कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे।इस मौके पर छगन भुजबल ने कहा कि वसंत डावखरे ने एनसीपी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी और वे सभी दलों में सम्मानित नेता माने जाते थे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रबोध डावखरे को पार्टी में पूरा सम्मान और सहयोग मिलेगा। वहीं प्रबोध डावखरे के इस कदम से ठाणे में डावखरे परिवार के भीतर राजनीतिक दूरी की चर्चा तेज हो गई है। गौरतलब है कि वसंत डावखरे के दूसरे बेटे निरंजन डावखरे पहले ही भाजपा में शामिल होकर सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। उधर प्रबोध डावखरे ने सांसद पार्थ पवार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वे ठाणे में एनसीपी का पुराना प्रभाव फिर से स्थापित करने के लिए काम करेंगे। आपको बता दें कि प्रबोध डावखरे व्यवसाय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और महाराष्ट्र में करीब 30 जिम का संचालन करते हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता ने अस्पताल में उन्हें सलाह दी थी कि यदि कभी राजनीति में आना हो, तो एनसीपी में ही शामिल होना। उसी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्होंने यह फैसला लिया। स्वेता/संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस