- नंगे पैर सीएम विजय से मिलने पहुंचे सीबी सत्यराज, तस्वीरें वायरल चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति और साउथ अभिनेता सीबी सत्यराज की हालिया मुलाकात इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है। इस शिष्टाचार मुलाकात की सबसे खास बात यह रही कि सीबी सत्यराज नंगे पैर मुख्यमंत्री विजय से मिलने पहुंचे थे। फैंस सत्यराज के इस कदम को मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान और विनम्रता का एक अनूठा प्रतीक मान रहे हैं। मुलाकात के दौरान सीबी सत्यराज ने मुख्यमंत्री को प्रसिद्ध लेखक मैक्रस ऑरेलियस की बेहद चर्चित पुस्तक मेडिटेशंस भी भेंट की, जिसे लोग सीएम विजय की सादगी से जोड़कर एक खूबसूरत प्रतीकात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं। सीबी सत्यराज ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री विजय थलापति को पुस्तक भेंट करते हुए एक तस्वीर साझा की। इस खास पल की तस्वीर को उन्होंने अपने एक्स अकाउंट की प्रोफाइल पिक भी बनाया है। तस्वीरों में दोनों के बीच बेहद आत्मीय, पुराना और गर्मजोशी भरा रिश्ता साफ नजर आ रहा है। फैंस का कहना है कि राजनीति में आने के बाद भी सिनेमा जगत के लोगों के साथ विजय का भावनात्मक जुड़ाव पहले जैसा ही मजबूत बना हुआ है। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां अभिनेता सीबी सत्यराज अपनी पत्नी रेवती और अपने 2 बेटों धीरन और समरन के साथ पहुंचे थे। वायरल तस्वीरों में पूरे परिवार और मुख्यमंत्री के बीच एक बेहतरीन बॉन्डिंग देखने को मिल रही है। आपको बता दें कि सीबी सत्यराज साउथ फिल्मों के दिग्गज और लोकप्रिय अभिनेता सत्यराज के बेटे हैं, जिन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाहुबली’ में कटप्पा का कालजयी किरदार निभाकर दुनिया भर में अपनी खास पहचान बनाई थी। तमिल सिनेमा में इस परिवार का लंबा इतिहास और गहरा सम्मान है। रामयश/ईएमएस 21 मई 2026