सूरजपुर(ईएमएस)। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के सोनगरा इलाके में एक बड़ा हादसा टल गया, जब खड़ी बोलेरो वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना के दौरान वाहन में 2 वर्षीय मासूम बच्चा मौजूद था, जिसे उसके पिता ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, एक परिवार अंबिकापुर अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में सोनगरा इलाके में उन्होंने कुछ देर के लिए बोलेरो रोकी थी। इसी दौरान अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सबसे गंभीर स्थिति तब बन गई जब लोगों को पता चला कि वाहन के अंदर छोटा बच्चा फंसा हुआ है। इस दौरान बच्चे के पिता ने बिना समय गंवाए जलते वाहन की ओर दौड़ लगाई और साहस दिखाते हुए अंदर जाकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग पूरी गाड़ी में फैल गई और बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। भटगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2026